छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने बढ़ते अपराधों को लेकर प्रदेशभर में साय सरकार के खिलाफ मौन प्रदर्शन किया। राजधानी में भी कांग्रेस नेताओं ने मुंह पर मास्क और सिर पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने कहा कि बीजेपी सरकार बनने के बाद महिलाओं के खिलाफ अत्याचार हो रहे।
महंत ने कहा कि एक महिला से 9 लोगों ने गैंगरेप किया। जांच दल बनाकर जब महिला से मिलना चाहे तो महिला को किडनैप कर लिया गया। पिछले 8 महीने में 6000 से अधिक छेड़छाड़, 600 से ज्यादा बलात्कार की घटनाएं हुईं हैं। बहनों के त्योहार आने वाले हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ में बहने सुरक्षित नहीं हैं।

वहीं मामले में चरण दास महंत ने कहा कि बीजेपी नेता हमारे जातिगत जनगणना के निवेदन को स्वीकार नहीं पा रहे हैं। कितने ओबीसी, एससी, ब्राह्मण और कितने अन्य जातियों के हैं, उनकी गिनती करवा लें, फिर सम्मान कर लें।
महंत ने कहा कि भूपेश बघेल जी ने क्वांटिफायबल डाटा भी बनवाया है। या तो उसे चैलेंज करें कि क्वांटिफायबल डाटा के आंकड़े गलत हैं या नया जनगणना करें, अभी जो सम्मान है, वह दिखावे का सम्मान है।
इस दौरान महंत ने बीजेपी के सदस्यता अभियान को लेकर कहा कि सदस्यता अभियान किस लिए लेकर आ रहे हैं, हमने सुना है कि लोकसभा का मध्यावधि चुनाव होने वाला है। क्या लोकसभा के मध्यावधि चुनाव के लिए मतदाताओं की सूची तैयार की जा रही है।

इस दौरान सांसद फूलोदेवी नेताम, रायपुर मेयर एजाज ढेबर समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मौन प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में महंत मुंह पर मास्क लगाकर और महापौर ढेबर सिर पर काली पट्टी बांध कर बैठे दिखे।
प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा था कि, 8 महीने में राज्य में महिलाओं के खिलाफ 3094 अपराध हुए हैं। 600 से ज्यादा बलात्कार की वारदात हुई हैं। भाजपा सरकार के 9 महीने के शासन में छत्तीसगढ़ में महिलाएं असुरक्षित हो गई हैं। इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण और क्या हो सकता है?
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि, BJP सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। छत्तीसगढ़ में ही 8 माह में 600 से अधिक रेप की घटनाएं इसका सबूत हैं। उन्होंने कहा कि, इस देश में आधी आबादी के लिए कोई जगह भी नहीं बची है। देश सदमे में है।